अफ्रीका के इथियोपिया में स्थित हेयली गुब्बी ज्वालामुखी रविवार को भयानक विस्फोट हुआ। इसके बाद ज्वालामुखी कई घंटों तक फटता रहा। हेयली गुब्बी देश के अफार क्षेत्र में इरिट्रिया सीमा के पास अदीस अबाबा से करीब 500 मील उत्तर-पूर्व में स्थित है। यह ज्वालामुखी करीब 500 मीटर ऊंची है। यह रिफ्ट घाटी के भीतर स्थित है, जो तीव्र भूगर्भीय गतिविधि वाला इलाका है, जहां दो टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं।
ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद वायुमंडल में 14 किमी तक राख फैल गई। हेयली गुब्बी ज्वालामुखी के विस्फोट से निकली राख वायुमंडल में इतनी तेजी से फैली कि यमन और ओमान होते हुए यह भारत पहुंच गई और अब चीन की तरफ बढ़ने लगी है।
कैसा है इलाका?
इथियोपिया के अफार इलाके को भूकंप-प्रवण क्षेत्र माना जाता है। जहां पर ज्वालामुखी फटा, वो रेगिस्तानी इलाका है और इससे आसपास छोटे-छोटे गांव हैं। इसके कारण आसपास बसे गांव राख से ढंक गए और जान-माल का नुकसान कम हुआ। आसपास के गांवों में रहने वाले लोग पशुपालन करके अपनी जीविका चलाते हैं।
कैसे हैं हालात?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अफार क्षेत्रीय अधिकारी मोहम्मद सईद ने जानकारी दी कि ज्वालामुखी विस्फोट से कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, इसके कारण आस-पास के दर्जनों गांव राख से ढक गए हैं। किसी व्यक्ति या मवेशी की जान नहीं गई है।
