कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या (Rekha Arya) और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (Harish Rawat) के बीच 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति और ‘बंटी-बबली’ टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। हरीश रावत की ओर से नौ नवंबर को लगाए गए आरोपों और तंज के जवाब में रेखा आर्या ने 12 नवंबर को सोशल मीडिया (Social Media) पर लगभग 2,000 शब्दों की लंबी पोस्ट साझा कर पलटवार किया है।
रेखा आर्या ने पोस्ट की शुरुआत हरीश रावत को डेनिस बाबा, कुर्सी कुमार, कुर्सीभोगी महाराज, झूठाचार्य, स्वार्थ सम्राट, राजनीति का गिरगिट, वादों का व्यापारी, जनता का जुमलेबाज, लफ्फाजी लाल, चंदूलाल चिकरघिन्नी, जुमलेश्वर महाराज और देवभूमि का सौदागर जैसे संबोधनों से निशाना बनाया है। उन्होंने लिखा कि उनके पास ऐसे और भी कई नाम हैं, जिनकी व्याख्या वह हरीश रावत के राजनीतिक कार्यकाल के उदाहरणों के साथ कर सकती हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि उम्र का लिहाज करते हुए वह अपनी भाषा में कठोरता से बचने का प्रयास करेंगी।
मंत्री रेखा आर्य ने ‘बबली’ संबोधन पर भी आपत्ति जताई है। उन्होंने लिखा है, “क्या शब्द प्रयोग किया आपने मेरे लिए “बबली”। आप शायद भूल गए कि आपके भी एक से अधिक विवाह हैं, और यदि आपकी बबलियों की तस्वीर लगाकर उन्हें बबलियाँ लिखा जाये तो आपको कैसा लगेगा। अरे हाँ, भूल गयी, आपको कहाँ बुरा लगेगा आपने तो शर्म उस दिन अपनी जन्मभूमि मोहनरी के पास बह रही रामगंगा नदी में बहा दी, जिस दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए आपने देवभूमि की अस्मिता को ही दांव पर लगा दिया था l” नीतियां देखें
आगे लिखा है, “अब ये मत कहना कि मेरे घर वालों को क्यों कहेंगे बबलियाँ, तो याद दिला देती हूँ क्योंकि बुढ़ापे में थोड़ी सी याददास्त कमजोर हो जाती है। जब आप मुख्यमंत्री थे तो आपके अंदर किचन में से कौन घच्चाक मारकर सत्ता चलाते थे ? याद कर लेना वरना आपकी सत्ता चलाने वाली बबली आज भी आपके कान मरोड़ने में पीछे नहीं हैं lरेखा आर्या ने वर्ष 2016 में हरीश रावत सरकार के अल्पमत में आने और लगभग एक दर्जन विधायकों के उनसे अलग होने का उल्लेख किया। उन्होंने इसे विधायकों का नैतिक साहस बताते हुए कहा कि उस समय उन्हें भी हरीश रावत से दूर होने का निर्णय लेने की सद्बुद्धि मिली। उन्होंने दावा किया कि उस दौर के घटनाक्रम उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय हैं।योजनाएं खोजें
अपने आरोपों के समर्थन में मंत्री ने हरीश रावत से जुड़े कथित स्टिंग वीडियो का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वीडियो में तत्कालीन मुख्यमंत्री के सचिव विभागीय नीति में बदलाव के लिए धनराशि की मांग से जुड़ी बातचीत करते सुनाई देते हैं। पोस्ट में उन्होंने एक अन्य कथित वीडियो का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उसमें विभागों के कामकाज और धनराशि के लेन-देन को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि ये वीडियो उनके पास उपलब्ध नहीं होने पर वह उन्हें उपलब्ध करा सकती हैं। हालांकि इन आरोपों और वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि इस पोस्ट में नहीं की गई है।नीतियां देखें
नैनीसार, खनन और डेनिस शराब का भी उठाया मुद्दा
रेखा आर्या ने हरीश रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान नैनीसार भूमि प्रकरण, गंगा किनारे खनन और डेनिस शराब की बिक्री का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नैनीसार की भूमि से जुड़े फैसलों में स्थानीय हितों की अनदेखी हुई। इसके अलावा उन्होंने तत्कालीन सरकार के सहयोगियों पर गंगा किनारे खनन से जुड़े वाहनों को पुलिस कार्रवाई से बचाने का आरोप लगाया। मंत्री ने हरीश रावत पर मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए तंत्र-मंत्र, बंदर और भैंस की बलि तथा तेल भरे कनस्तरों से स्नान करने जैसे कथित उपायों का भी आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये आरोप उनसे जुड़े लोगों की ओर से सार्वजनिक मंचों पर लगाये गये थे और इनका उल्लेख कथित स्टिंग वीडियो में नहीं है।उन्होंने कांग्रेस की वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर सिमटने का उल्लेख करते हुए हरीश रावत के नेतृत्व पर सवाल उठाये। साथ ही उनकी चुनावी सक्रियता और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर भी टिप्पणी की।
कांग्रेस हाईकमान और पूर्व सहयोगियों से संपर्क का दावा
रेखा आर्या ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि हरीश रावत इन दिनों कांग्रेस हाईकमान से मिलने के लिए लगातार दिल्ली संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं मिल रहा है। उन्होंने हरीश रावत की ओर से घोषित अवकाश और उसके बाद निकाली गई स्वागत यात्रा पर भी टिप्पणी की। इसके अलावा उन्होंने एक पूर्व विधायक, जो कभी हरीश रावत के करीबी सहयोगी रहे हैं, की ओर से लगाये गये आरोपों का जवाब देने की चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि हरीश रावत उनसे भी संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।
पोस्ट में रेखा आर्या ने कुमाउनी कहावत ‘जैक सुणंण वाल कोई नि हुन, उकैं भाषण दिंणैकि बिमारी ज्यादा हुंछि’ लिखते हुए इसका अर्थ बताया कि जिसकी सुनने वाला कोई नहीं होता, उसे भाषण देने की बीमारी अधिक होती है।अंत में मंत्री ने हरीश रावत को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी पर टिप्पणी करने से पहले अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें। उन्होंने कथित भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये की संपत्ति के सवाल उठाने से पहले हरीश रावत से उनके परिवार के सदस्यों, उनकी संपत्तियों और आय के स्रोतों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि हरीश रावत ने इसी तरह की टिप्पणियां जारी रखीं तो वह उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल से जुड़े अन्य विवादों और आरोपों को भी सार्वजनिक करेंगी।
