मुंबई के बोरीवली वेस्ट में गोराई इलाके के पास स्थित मनोरी बीच के समंदर में 5 जुलाई को एक विदेशी मालवाहक जहाज पानी कम होने के कारण फंस गया। पूरे मामले को ऐसे समझिए कि खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण तीन विदेशी मालवाहक जहाज बहकर तट के करीब आ गए।
इनमें से एक जहाज ‘एमटी अल जाफजिया’ (निकारागुआ के झंडे वाला) अपनी लंगर की चेन टूटने के कारण मनोरी द्वीप से महज एक किलोमीटर की दूरी पर आकर बहाव में फंस गया। राहत की बात यह है कि इस जहाज पर कोई क्रू मेंबर मौजूद नहीं था।
खराब मौसम के कारण बह गए जहाज
पुलिस और भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, समंदर में मौसम बेहद खराब था और तेज हवाएं चल रही थीं। ऐसे में यह जहाज बिना क्रू के लंगर पर खड़ा था, जो चेन टूटने से बहकर मनोरी बीच के बिल्कुल पास आ फंसा।
अन्य दो जहाज कौन-कौन से?
दूसरी ओर एमटी एस्फाल्ट स्टार (माली का झंडा) और एमटी स्टेलर रूबी (ईरान का झंडा) वाला ये दोनों कोलतार और तेल के टैंकर हैं। लंगर पर होने के बावजूद भारी तूफान के कारण ये दोनों भी बहकर मनोरी द्वीप से करीब 20 किलोमीटर (11 समुद्री मील) की दूरी तक आ गए।
फिलहाल ये दोनों सुरक्षित जगह पर लंगर डाले हुए हैं और इनके क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं तटरक्षक बल के जहाज ‘आईसीजीएस सम्राट’, ‘सागर प्रहरी’ और इमरजेंसी जहाज ‘वॉटर लिली’ को मौके पर निगरानी और मदद के लिए तैनात किया गया है।
स्थानीय मछुआरों ने दी पुलिस को सूचना
मिली जानकारी के अनुसार मुंबई का मनोरी बीच का इलाका काफी पथरीला है और हवाएं बहुत तेज थीं। स्थानीय मछुआरों ने जब इस विशालकाय जहाज को तट के इतने पास देखा, तो उन्हें समझ आ गया कि किसी छोटी नाव के लिए वहां जाना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने तुरंत गोराई पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और कोस्ट गार्ड ने मोर्चा संभाला।