कॉमेडियन अली असगर अपनी कॉमेडी से ऑडियंस के दिलों पर राज करते आ रहे हैं. ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में दादी का रोल निभाकर अली असगर ने पब्लिक को खूब हंसाया है. वहीं ये किरदार इतना फेमस हो गया था कि हर कोई अली की तारीफ करता नहीं थकता था. लेकिन अली असगर ने अचानक शो छोड़ दिया था और ये किरदार फिर कभी नहीं निभाया. अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अली असगर ने बताया है कि उन्होंने शो से किनारा क्यों किया. चलिए आपको भी बताते हैं अली असगर ने शो छोड़ने को लेकर क्या कुछ कहा?
क्यों छोडा ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ ?

‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में ‘दादी’ का रोल अचानक छोड़ने की वजह अली असगर ने हालिया इंटरव्यू में दी है. कॉमेडियन ने बताया कि शो में ‘दादी’ का किरदार निभाने की वजह से उनके बेटे को स्कूल में बुली किया जाने लगा था. मनीष पॉल के पॉडकास्ट में अली असगर ने कहा कि मेरे इस किरदार की वजह से मेरे परिवार ने मुश्किल दौर देखा है. अली ने कहा कि मेरे बच्चे को स्कूल में ये कहकर चिढ़ाया जाता तुम्हारे पिता औरत हैं. ‘दीवार’ में जैसे छोटे बच्चन के हाथ पर लिख दिया गया था कि ‘मेरा बाप चोर है’, मैं नहीं चाहता था कि मेरे बेटे के हाथ पर कोई लिख दे, ‘मेरा बाप औरत है’.

अली ने आगे कहा कि ‘दादी’ का किरदार इतना फेमस हो गया था कि मुझे हर जगह महिलाओं वाले ही रोल मिलने शुरू हो गए थे. सुनने वालों को लगेगा कि ये पागल है जो इसने शो छोड़ दिया. लेकिन मुझे सिर्फ ये ही नहीं करना था और भी बहुत कुछ करना था. मैं रोज दाल चावल नहीं खाऊंगा, मुझे पूरी भाजी भी खानी है. सोशल मीडिया पर अली असगर की ये बातचीत काफी वायरल हो रही है.बता दें अली असगर ने कलर्स टीवी के शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में दादी का किरदार निभाया था. ये किरदार इतना फेमस हुआ कि हर कोई इस किरदार की ही तारीफ करता था. वहीं शो में जो गेस्ट आते थे वो भी अली असगर की खूब तारीफ करते थे. हालांकि जैसा उन्होंने पॉडकास्ट में बताया कि इस किरदार की वजह से उन्हें पर्सनल लाइफ में मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, ये ही वजह है कि उन्होंने शो से दूरी बना ली थी.
