कुल्लू: करीब 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटन विकास निगम ने सैलानियों की सुविधा के लिए ट्रैवलर सेवा शुरू कर दी है। पहली बार पर्यटन विकास निगम रोहतांग दर्रा वाया कोकसर व अटल टनल होकर पर्यटकों को घुमा रहा है। इसके लिए निगम ने किराया 100 रुपये बढ़ाकर 700 से 800 रुपये प्रति सवारी कर दिया है। एक अन्य ट्रैवलर निगम मनाली से सिस्सू के बीच चला रहा है, जिसका किराया 500 प्रति सवारी है। निगम का कहना है कि जैसे मनाली में सैलानियों की संख्या बढ़ेगी तो एक और ट्रैवलर शुरू किया जाएगा। रोहतांग जाने के लिए एनजीटी के आदेश पर परमिट लेकर जाना जरूरी है, लेकिन ट्रैवलर शुरू होने से पर्यटकों को परमिट के झंझट से भी राहत मिल रही है।
रोहतांग में बर्फ में मस्ती करने के लिए निगम करीब दो घंटे का समय दे रहा है। दोनों ट्रैवलर मनाली से सुबह 10 बजे रवाना होते हैं और शाम पांच से छह बजे मनाली वापस पहुंचते हैं। पर्यटन परिवहन विकास निगम मनाली के अधिकारी तेजा सिंह राणा ने कहा कि सैलानियों की सुविधा के लिए निगम दो रूट पर ट्रैवलर चल रहा है।
एक ट्रैवलर मनाली-रोहतांग दर्रा को अब वाया ग्रांफू-कोकसर, अटल टनल रोहतांग व सोलंगनाला होकर चलाया जा रहा है। अटल टनल होकर मनाली-सिस्सू पर भी एक ट्रेवलर सेवा चल रहा है।
