दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत एक बड़े फैसले के साथ मैदान पर उतरे। पंत मैच में खुद ओपनिंग करने उतरे, लेकिन जिस तरह से पंत से उम्मीद थी कि उनका बल्ला गरजेगा, वो नहीं हुआ। वहीं, मैच के बाद हुई पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पंत ने ये साफ कहा कि कोई गारंटी नहीं है कि वो ओपनर के तौर पर ही उतरेंगे।
LSG vs DC: पंत बतौर ओपनर ही खेलेंगे?
दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant Statement) अपनी पुरानी टीम के खिलाफ मैच में ओपनिंग करने आए थे। वो नए सीजन के लिए नई रणनीति के साथ उतरे थे। पिछले सीजन तक मिचेल मार्श के साथ एडन मार्करम ही ओपनिंग करने के लिए आते थे, लेकिन शायद लेफ्ट-राइड कॉम्बिनेशन के चलते उन्होंने ये दांव लगाया था।
दिल्ली के खिलाफ वह 9 गेंद में 7 रन बनाकर जब खेल रहे थे, तभी नॉन स्ट्राइक एंड पर वो रन आउट हो गए। तीसरे ओवर में मुकेश कुमार की फुल लेंथ गेंद पर मिचेल मार्श ने एक पंच लगाया, मुकेश कैच पकड़ना चाहते थे, लेकिन वो असफल रहे।
जहां मिचेल को जीवनदान मिला, तो नॉन स्ट्राइक एंड पर मौजूद पंत अनलकी साबित हुए, क्योंकि ये ड्रॉप कैच रन आउट में तब्दील हो गया। गेंद मुकेश के दाहिने हाथ को छूते हुए सीधे स्टंप्स से तब टकराई जब पंत क्रीज से बाहर थे।
मैच में मिली हार के बाद कप्तान पंत ने कहा इस हार से निराश हूं। अपने रन आउट पर उन्होंने कहा कि उस तरह से आउट होना आपको हमेशा दुख पहुंचाता है। आज हमारी बैटिंग उतनी नहीं चली इस वजह से एक अतिरिक्त बैटर को खिलाना पड़ा, जिसकी वजह से हम बाद में एक गेंदबाज शॉर्ट रह गए। बदोनी पर उन्होंने कहा कि उनको बैटिंग क्र में समझदारी के साथ इस्तेमाल किया जाएगा। जब ज्यादा विकेट गिर जाएंगे तो उनका काम बढ़ जाएगा।
ओपनिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर क्या बोले पंत?
LSG के कप्तान ऋषभ पंत से जब ओपनिंग को लेकर सवाल किया गया कि आगे के मैचों में भी वह ओपनिंग करेंगे तो इसपर पंत ने कहा कि 50-50 है। हम देखेंगे, लेकिन आप मुझे टॉप ऑर्डर में जरूर देखेंगे।
वहीं, मैच के बाद रन आउट पर सवाल हुआ तो पंत ने कहा कि इससे रिकवर होने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप इसे नजरअंदाज कर दें। आप इस तरह की चीज को कंट्रोल नहीं कर सकते, लेकिन इसके बारे में सोचने से आप पर दबाव पड़ता है।
पूरन के डिमोशन पर क्या बोले पंत?
इस मैच में निकोलस पूरन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 5वें नंबर पर बैटिंग की। उनके डिमोशन के बारे में सवाल हुआ तो पंत ने कहा,
हम पार्टनरशिप नहीं बना पाए। सोच सिंपल थी- बीच के ओवरों में वह कमान संभालेंगे, क्योंकि मैं ओपनिंग कर रहा था। हमने बडोनी के लिए एक भूमिका तय कर रखी थी कि जब हमारे शुरुआती विकेट गिरेंगे, तो वही समय होगा जब वह अपनी छाप छोड़ सकते हैं।