हमेशा से हम यही सुनते आए हैं कि रक्तदान एक ऐसा निस्वार्थ काम है जिससे दूसरों की जान बचाई जा सकती है। यह बात बिल्कुल सच है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि नियमित रूप से खून देने पर खुद डोनर को भी सेहत के कई शानदार फायदे मिलते हैं?
मेदांता हॉस्पिटल, नोएडा के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मनोज कुमार सिंघल के अनुसार, योग्य व्यक्तियों के लिए रक्तदान एक हेल्दी लाइफस्टाइल का बहुत ही जरूरी हिस्सा हो सकता है। आइए, आसान शब्दों में समझते हैं कि नियमित रक्तदान आपके लिए कैसे फायदेमंद है।
हर बार होता है आपका बेसिक हेल्थ चेकअप
खून देने से पहले हर व्यक्ति का एक बेसिक हेल्थ चेकअप किया जाता है। इसमें आपका ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, शरीर का तापमान और हीमोग्लोबिन का स्तर चेक किया जाता है। कई बार इस रूटीन चेकअप के जरिए सेहत से जुड़ी कुछ ऐसी छिपी हुई समस्याओं का पता चल जाता है, जिन पर शायद आपका कभी ध्यान ही न जाता। इससे आप समय रहते सतर्क हो सकते हैं और डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।
दिल की सेहत के लिए है फायदेमंद
कुछ अध्ययनों से यह बात सामने आई है कि समय-समय पर रक्तदान करने से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, जो आपके दिल की सेहत को सपोर्ट करता है। हालांकि, यह भी ध्यान रखें कि रक्तदान अच्छी आदतों, जैसे- नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और तंबाकू से दूरी का विकल्प नहीं है, लेकिन यह आपकी ओवरऑल हेल्थ को बेहतर जरूर बनाता है।
शरीर तेजी से बनाता है नया खून
रक्तदान का एक ऐसा फायदा भी है जिसे अक्सर लोग अनदेखा कर देते हैं- वह है शरीर द्वारा नए खून का निर्माण। जब आप खून दान करते हैं, तो आपकी ‘बोन मैरो’ नई रक्त कोशिकाएं बनाने के लिए सक्रिय हो जाती है। एक स्वस्थ इंसान के शरीर में दान किए गए प्लाज्मा की मात्रा 24 से 48 घंटों के भीतर ही वापस बन जाती है, जबकि लाल रक्त कोशिकाओको वापस बनने में कुछ हफ्तों का समय लगता है।
मिलती है मानसिक शांति और घटता है तनाव
खून दान करने के सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक फायदे भी हैं। यह जानकर ही मन को एक खास मकसद और सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास होता है कि आपका एक दान कई मरीजों (जैसे- एक्सीडेंट के शिकार व्यक्ति, बड़ी सर्जरी वाले मरीज, कैंसर रोगी या खून की पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों) के काम आ सकता है। रिसर्च लगातार यह बताती हैं कि परोपकार के ऐसे काम करने से इमोशनल हेल्थ पर पॉजिटिव असर पड़ता है और तनाव कम होता है।
किडनी की सेहत और जरूरी सावधानियां
अगर आप स्वस्थ हैं और खून देने की शर्तें पूरी करते हैं, तो रक्तदान करना सुरक्षित है, लेकिन जिन लोगों को क्रोनिक किडनी रोग, गंभीर एनीमिया या कोई अन्य मेडिकल समस्या है, उन्हें खून देने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। खून देने से पहले और बाद में अच्छी मात्रा में लिक्विड डाइट लेना बहुत जरूरी है, क्योंकि पर्याप्त पानी पीने से शरीर का ब्लड सर्कुलेशन और किडनी का फंक्शन सही तरीके से काम करता है।
जिम्मेदारी से करें रक्तदान
इन सभी फायदों के बावजूद, रक्तदान हमेशा पूरी जिम्मेदारी के साथ ही किया जाना चाहिए:
सुनिश्चित करें कि आप रक्तदान की शर्तें पूरी करते हैं।
दो बार खून देने के बीच बताए गए समय के अंतर का पूरी तरह पालन करें।
अपनी डाइट में आयरन, विटामिन और तरल पदार्थों को भरपूर मात्रा में शामिल करें।
क्षमता से अधिक खून देना या किसी बीमारी के बावजूद खून देना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए इससे बचें।