 
                 
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम करवट बदल सकता है। राज्य के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। आज राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली हुई है। वहीं सुंदरनगर में मध्यम, मंडी और बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया है। राज्य में सात स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है।
जानिए 6 नवंबर तक कैसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 नवंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से 4 नवंबर को एक-दो स्थानों पर और 5 नवंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व लाहाैल-स्पीति जिले में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 31 अक्तूबर से 3 नवंबर तक और 6 नवंबर को माैसम साफ बना रहेगा। वहीं, अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।

 
         
         
         
         
         
        