दुनिया के अलग-अलग देशों में ढेरों तरह की प्रतियोगिताएं होती हैं जिनमें विजेता को इनाम दिया जाता है. मगर कभी नींद से जुड़ी प्रतियोगिता के बारे में सुना है? यानी ऐसा कॉम्पिटिशन में जिसमें सिर्फ अच्छी नींद लेने के बदले ही लाखों रुपये का इनाम जीता जा सकता है. सुनने में थोड़ा अजीब जरूर लगता है, मगर जापान में सचमुच एक ऐसी ही प्रतियोगिता का आयोजन होने वाला है. इस प्रतियोगिता में 90 मिनट की अच्छी नींद लेने वाले शख्स को 13.7 लाख का इनाम मिल सकता है. इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी को 90 मिनट की नींद लेकर अपनी नींद लेने की गुणवत्ता को साबित करना होगा. इस अनोखी प्रतियोगिता में विजेता को करीब 13.7 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये प्रतियोगिता पांच अक्टूबर 2026 को जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित की जाएगी. इसका आयोजन शेयर ग्रीन मिनामी आओयामा (Share Green Minami Aoyama) में होगा. जापानी मैट्रेस कंपनी इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है. विजेता को 2.22 मिलियन जापानी येन यानी करीब 13.76 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. प्रतियोगिता के दौरान हर प्रतिभागी को 90 मिनट का समय मिलेगा. इस दौरान उसकी नींद को खास उपकरणों की मदद से ट्रैक किया जाएगा. इसमें यह देखा जाएगा कि प्रतिभागी कितनी जल्दी सोता है, उसकी नींद कितनी गहरी होती है और पूरी अवधि के दौरान उसकी नींद कितनी स्थिर रहती है. यानी सिर्फ जल्दी सो जाना ही काफी नहीं होगा, बल्कि नींद की क्वालिटी भी मायने रखेगी.
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले लोगों को सीधे बिस्तर पर जाकर सोने की अनुमति नहीं होगी. सोने से पहले उन्हें कुछ एक्सरसाइज पूरी करनी होंगी. इसके बाद प्रतिभागियों को बेतरतीब तरीके से एक स्लीप आइटम दिया जाएगा. प्रतियोगिता का मकसद प्राकृतिक नींद को परखना है, इसलिए प्रतिभागी पहले से तैयारी के नाम पर पूरी रात जाग नहीं सकते. प्रतियोगिता में नींद की दवाओं या किसी तरह की मेडिटेशन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी. आयोजक यह देखना चाहते हैं कि प्रतिभागी सामान्य तरीके से कितनी अच्छी नींद ले सकता है. इतना ही नहीं, नींद के दौरान कुछ अप्रत्याशित परेशानियां भी पैदा की जा सकती हैं, ताकि प्रतिभागियों की नींद की स्थिरता को परखा जा सके.
मुख्य विजेता के अलावा कुछ खास नींद से जुड़ी उपलब्धियों के लिए भी पुरस्कार दिए जाएंगे. इनमें Deep Sleep Dive Award और अलग-अलग तरह की स्लिपिंग पॉजिशन से जुड़े पुरस्कार शामिल हैं. आवेदन के लिए कोई फीस नहीं रखी गई है. प्रतियोगिता में तीन सेशन होंगे और हर सेशन में करीब 20 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है. आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता के जरिए जापान में नींद की कमी और अच्छी Quality Sleep की अहमियत को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
