
नगर निगम देहरादून के अधिवेशन में विकास योजनाओं पर चर्चा
देहरादून से आशीष तिवारी की रिपोर्ट – Mayor Saurabh Thapliyal: नगर निगम देहरादून का महत्वपूर्ण अधिवेशन नगर निगम मुख्यालय में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता महापौर सौरभ थपलियाल ने की, जिसमें विभिन्न वार्डों के विकास कार्यों को गति देने के लिए अहम फैसले लिए गए। अधिवेशन में क्षेत्रीय विधायक, पार्षदगण, नगर आयुक्त नमामि बंसल, स्मार्ट सिटी परियोजना एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की आधारभूत संरचना, सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और राजस्व वृद्धि से जुड़े प्रस्तावों पर व्यापक चर्चा की गई। नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में आवश्यक निर्माण कार्यों हेतु धनराशि स्वीकृत करने, नई विद्युत पोल एवं एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने, वार्डों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, बरसात से पहले नालों की सफाई एवं उन्हें कवर करने, सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, और भवनकर वसूली के लिए विशेष शिविरों का आयोजन करने पर निर्णय लिया गया।
महापौर सौरभ थपलियाल(Mayor Saurabh Thapliyal) ने की ये महत्वपूर्ण घोषणाएं
1. स्वास्थ्य सेवाओं का पुनर्गठन
नगर निगम क्षेत्र में पूर्व में संचालित 10 डिस्पेंसरी को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई जाएगी, जिससे आमजन को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
2. आय में वृद्धि के लिए व्यावसायिक ढांचा विकसित होगा
नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए व्यावसायिक भूमि चिन्हित कर वहां मार्केट और कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
3. गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण
शहर के केंद्र में स्थित गांधी पार्क का कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से सौंदर्यीकरण एवं उच्चीकरण किया जाएगा, जिससे इसे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए आकर्षक बनाया जा सके।
4. बड़े प्रोजेक्ट्स की पारदर्शिता
नगर निगम की महत्वपूर्ण परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
5. सार्वजनिक संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने के लिए ‘जोनल ज़ेब्रा फोर्स’ का गठन
शहर में सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए विशेष जोनल ज़ेब्रा फोर्स बनाई जाएगी, जिससे अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई संभव हो सके।
6. नगर निगम गेस्ट हाउस का निर्माण
अन्य राज्यों की तर्ज पर देहरादून नगर निगम क्षेत्र में गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा, जिससे सरकारी अधिकारियों एवं अन्य आगंतुकों को ठहरने की सुविधा मिल सके।
नगर निगम की आय बढ़ाने पर विशेष जोर
अधिवेशन में राजस्व वृद्धि के लिए भवनकर वसूली में तेजी लाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से होने वाली आय को बढ़ाने और नगर निगम की व्यावसायिक परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में नगर आयुक्त नमामि बंसल, स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, और नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।