

सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह की शुरुआत काले घने बादलों के साथ हुई है। यही हाल मोहाली और पंचकूला का भी है। पूरे ट्राईसिटी में सुबह से ही बादल मंडरा रहे हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे सर्दी का एहसास हो रहा है। सोमवार-मंगलवार की रात ट्राईसिटी के ज्यादातर हिस्सों में बारिश भी हुई है। चंडीगढ़ में सोमवार सुबह 8.30 से मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक 40 एमएम से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मोहाली में 38 एमएम बारिश हुई है। बारिश की वजह से न्यूयनतम तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ का रात का तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस और मोहाली का 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं मौसम विभाग ने आज भी ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) में बारिश की संभावना जताई है। इससे पहले सोमवार को तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया। सोमवार सुबह से ही सुहानी ठंडी हवाओं ने माहौल को आरामदेह बना दिया, वहीं दोपहर तक हुई बारिश ने ठंडक और बढ़ा दी। दिन में भी मौसम रात जैसा ठंडा लगने लगा और 24 घंटे के भीतर तापमान में करीब 12 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री कम है। 25 अक्टूबर 2021 के बाद यह सोमवार का सबसे कम तापमान रहा। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बारिश शुरू हुई, जो दोपहर 1 बजे तक जारी रही। इस दौरान शहर में 33 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर की सूरत निखर गई, सड़कों से धूल मिट्टी गायब हो गई और चारों ओर छाई हरियाली ने नजारा शानदार बना दिया।
सुखना लेक, पार्कों और बाजारों में लोगों ने इस सुहावने मौसम का जमकर आनंद लिया। लेक पर पहुंची ज्योति सिंह ने बताया कि मौसम इतना अच्छा हो गया कि वे दोस्तों के साथ घूमने चली आईं। उन्होंने कहा, बारिश के बाद हवा में ठंडक है। चारों ओर हरियाली और ताजगी महसूस हो रही है। परिवारों और दोस्तों के साथ लोग लेक और गार्डन में सेल्फी लेते नजर आए और बारिश का लुत्फ उठाया। अचानक बदले मौसम ने न केवल राहत दी, बल्कि त्योहार से पहले शहर को नई चमक भी दी। मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट रहेगी, हालांकि बारिश थमने के बाद फिर से तापमान बढ़ सकता है। 15 अक्टूबर से गुलाबी ठंड का आगाज होने की संभावना है।