हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच न्यूनतम तापमान में कमी आने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की सड़कों पर पानी जमने लगा है। मनाली-लेह, दारचा-शिकुंला व कोकसर-लोसर मार्ग पर इस कारण फिसलन बढ़ गई है। यहां वाहनों की आवाजाही में भी कमी दर्ज हुई है। राज्य में 16 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। तीन स्थानों पर यह माइनस में है। आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में धूप खिली हुई है।
जानिए माैसम पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 15 नवंबर तक माैसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि, हवा में ठंडक बरकरार है। जिला कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने कुंजम दर्रा व शिंकुला दर्रा होकर वाहनों के लिए समयसारिणी तय कर दी है। कोकसर से काजा की सुबह 9 बजे और दारचा से सुबह 10 बजे वाहनों को लेह के लिए छोड़ा जाएगा। अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में कोई बड़ी वृद्धि नहीं होगी।
नतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर 8.5, भुंतर 6.1, कल्पा 1.5, धर्मशाला 9.8, ऊना 11.4, नाहन 11.6, केलांग -2.0, पालमपुर 7.0, सोलन 7.5, मनाली 4.1, कांगड़ा 8.6, मंडी 9.1, बिलासपुर 12.9, हमीरपुर 9.2, कुफरी 8.1, कुकुमसेरी -2.9, नारकंडा 6.0, रिकांगपिओ 4.5, बरठीं 11.2, पांवटा साहिब 16.0, सराहन 9.5, देहरा गोपीपुर 10.0, ताबो -2.0 व बजाैरा में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
