Almora Doon Flight अब आपको अल्मोड़ा से देहरादून के लिए हेली सेवा की सुविधा जल्द मिलने वाली है। इसका सफल ट्रायल अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड पर किया गया। इस सेवा का वर्चुअली शुभारंभ सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है।अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड पर एक बार फिर से हेली सेवा संचालित होगी। इसका शुभारंभ सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। पिछले दिनों डीएम आलोक कुमार पांडेय ने हेलीपैड का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए थे कि उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अफसरों के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि लैंडिंग ग्राउंड में जो भी कमियां हैं, उन्हें तत्काल दूर किया जाए।
डीएम आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि हेलीपैड के अप्रोच मार्ग को भी दुरुस्त किया जाए। जिस जगह भी भूस्खलन के कारण मलबा आया है। उसे हटाकर मार्ग को चाक चौबंद किया जाए। अधिकारियों ने बुधवार को हेलीपैड पर विमान की लैंडिग की, जो सफल रही। अधिकारियों के अनुसार, 11 सीटर डबल इंजन हेलीकॉप्टर सेवा देने की तैयारी चल रही है।अधिकारियों के अनुसार, देहरादून से विमान सुबह 11 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा और अल्मोड़ा से दोपहर 12.05 बजे देहरादून के लिए रवाना होगा। राज्य के नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य सुरक्षा अधिकारी राम सिंह कठैत ने कहा कि टाटिक हेलीपैड पर 11 मीटर विमान की लैंडिंग सफल रही। अल्मोड़ा से देहरादून का किराया 4,989 रुपये रखा गया है।