
नए साल पर यात्रियों के लिए एक और खुशखबरी है। अब पंजाब के अमृतसर शहर से भी नई दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलने लगी है। शनिवार को सुबह 9:30 बजे अमृतसर से राष्ट्रीय राजधानी के लिए वंदे भारत रवाना हुई, जो दोपहर 1:50 के आसपास पहुंच भी गई। इस तरह अब अमृतसर से दिल्ली महज पांच घंटे में पहुंचा जा सकता है। मालूम हो कि सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन नंबर 22488/22487 शुक्रवार को छोड़कर बाकी सभी छह दिन फर्राटा भरेगी। इससे पंजाब और दिल्ली की यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
अमृतसर-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन अपने रूट पर कुल 448 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। अगर मौसम साफ रहा तो इस ट्रेन को फुल स्पीड से यह दूरी तय करने में 4 घंटे 20 मिनट का ही समय लगेगा। बता दें कि अगर आप नई दिल्ली से अमृतसर के लिए वंदे भारत से जाना चाहते हैं तो यह ट्रेन दोपहर 3:15 बजे रवाना होगी। रात 9:45 बजे इसके अमृतसर पहुंचने का समय है। खास बात यह भी है कि इस ट्रेन के कुल 6 स्टॉपेज बनाए गए हैं जिनमें ब्यास, जालंधर कैंट, फगवाड़ा, लुधियाना, साहनेवाल और अंबाला जंक्शन स्टेशन शामिल हैं।